रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर बुधवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने रांची स्थित JPSC कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता आयोग कार्यालय की ओर बढ़े। पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को हटाने और आगे बढ़ने की कोशिश में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की तथा झड़प की स्थिति बन गई। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
भाजपा और भाजयुमो का आरोप है कि 14वीं JPSC परीक्षा एवं परिणाम प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा परिणाम रद्द करने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच राज्य एजेंसियों के बजाय केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार और आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाया।
इससे पहले झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता चंपाई सोरेन ने भी JPSC की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कटऑफ अंक सार्वजनिक न करने, आवश्यक हस्ताक्षरों के बिना परिणाम जारी होने तथा सोशल मीडिया पर OMR शीट वायरल होने जैसे मुद्दों को उठाया था। उन्होंने भी मामले की CBI जांच की मांग का समर्थन किया था।
दूसरी ओर, राज्य सरकार ने मामले की जांच झारखंड CID को सौंप दी है। CID ने आयोग कार्यालय में जांच अभियान चलाया और परीक्षा से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामले में कार्रवाई भी शुरू की है। भाजपा का कहना है कि राज्य की जांच एजेंसी पर भरोसा नहीं किया जा सकता और निष्पक्ष जांच केवल CBI ही कर सकती है।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने आयोग कार्यालय की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए। बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश के बावजूद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मुख्य द्वार तक पहुंचने से रोक दिया। कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, जिसके बाद पुलिस ने हालात पर नियंत्रण कर लिया।
प्रमुख मांगें 14वीं JPSC परीक्षा एवं परिणाम रद्द किए जाएं।
पूरे मामले की CBI से निष्पक्ष जांच कराई जाए।
कथित दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
भर्ती प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
: media Reorts and BJP Jharkhand Facebook Page


