मेलबर्न। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री श्री एंथोनी अल्बानीज और विक्टोरिया की प्रीमियर जैसिंटा एलन के साथ प्रतिष्ठित मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) का दौरा किया। यह विशेष कार्यक्रम भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल संबंधों को नई मजबूती देने और दोनों देशों की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलियाई खेल जगत की कई प्रमुख हस्तियां, जिनमें पूर्व क्रिकेट कप्तान स्टीव वॉ और पूर्व क्रिकेटर लिसा स्थलेकर शामिल थीं, ने भी भाग लिया। इस अवसर पर खेल, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और दोनों देशों के लोगों के बीच बढ़ते संपर्कों को द्विपक्षीय संबंधों का महत्वपूर्ण आधार बताया गया।
भारत-ऑस्ट्रेलिया खेल सहयोग रोडमैप जारी दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री अल्बानीज ने संयुक्त रूप से भारत-ऑस्ट्रेलिया खेल सहयोग रोडमैप जारी किया। इस रोडमैप का उद्देश्य खेल प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण, खेल विज्ञान और प्रौद्योगिकी, खेल उद्योग तथा निवेश के क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देना है। साथ ही, दोनों देशों के युवाओं को जोड़ने के लिए भारत-ऑस्ट्रेलिया युवा खेल महोत्सव आयोजित करने की भी योजना बनाई गई है।
खेल लोगों को जोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम: पीएम मोदी अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि खेल लोगों को जोड़ने और देशों के बीच मित्रता को मजबूत करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विश्वास जताया कि नया रोडमैप दोनों देशों की खेल साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा और सहयोग के नए अवसर खोलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में महिला क्रिकेट विश्व कप जीतने पर ऑस्ट्रेलिया को बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया अंतरराष्ट्रीय खेलों के एक महत्वपूर्ण दशक में प्रवेश कर रहे हैं, जिसमें भारत वर्ष 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करेगा, जबकि ऑस्ट्रेलिया वर्ष 2032 में ब्रिस्बेन ओलंपिक की मेजबानी करेगा। उन्होंने कहा कि ये आयोजन खेल और उससे जुड़े उद्योगों में द्विपक्षीय सहयोग के नए अवसर प्रदान करेंगे।
युवा खिलाड़ियों से की मुलाकात कार्यक्रम के दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों ने कबड्डी, ऑस्ट्रेलियाई फुटबॉल और क्रिकेट के प्रदर्शनी मैचों में भाग ले रहे युवा खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया।


