नई दिल्ली/PIB । लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि देश के प्रत्येक नागरिक तक अच्छी, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सरकार और निजी स्वास्थ्य संस्थानों को मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। श्री बिरला महाराष्ट्र के नासिक में 'अशोका हेल्थ सिटी' के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि नासिक आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक जागृति और वीरता की भूमि है। त्र्यंबकेश्वर महादेव मंदिर, संत ज्ञानेश्वर महाराज, संत तुकाराम महाराज और छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रेरणादायी विरासत आज भी समाज को जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करती है।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार सभी के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। योग और स्वस्थ जीवनशैली को वैश्विक स्तर पर मिली स्वीकार्यता का उल्लेख करते हुए उन्होंने लोगों से योग तथा पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि देश में मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विस्तार हुआ है, मेडिकल कॉलेजों में सीटें बढ़ाई गई हैं और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया गया है। साथ ही निजी क्षेत्र की भागीदारी से नए अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित हो रही हैं।

श्री बिरला ने चिकित्सा अनुसंधान और नवाचार को भविष्य की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए अशोका हेल्थ सिटी से मातृ एवं शिशु अस्पताल, कैंसर उपचार, सुपर-स्पेशियलिटी सेवाओं तथा अनुसंधान एवं नवाचार केंद्रों को और सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नई बीमारियों की चुनौतियों से निपटने के लिए भारत को चिकित्सा अनुसंधान, विज्ञान और तकनीक में निरंतर निवेश करना होगा।

उन्होंने कोविड-19 महामारी का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय वैज्ञानिकों ने स्वदेशी वैक्सीन विकसित कर पूरी दुनिया के सामने भारत की वैज्ञानिक क्षमता का परिचय दिया। भविष्य में भी सरकार और निजी क्षेत्र को मिलकर स्वास्थ्य अनुसंधान एवं रोगों की रोकथाम के लिए कार्य करना होगा।

लोकसभा अध्यक्ष ने विश्वविद्यालयों और मेडिकल संस्थानों में अनुसंधान एवं नवाचार केंद्र स्थापित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि चिकित्सा शिक्षा को केवल डिग्री तक सीमित न रखकर जनसेवा से जोड़ना होगा। उन्होंने मेडिकल छात्रों को ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में सेवा देने के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता भी बताई, ताकि देश के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच सकें।

अशोका हेल्थ सिटी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह संस्थान न केवल नासिक बल्कि पूरे उत्तर महाराष्ट्र क्षेत्र के लिए आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, शिशु मृत्यु दर कम करने तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करने का भी आह्वान किया।

कार्यक्रम में महाराष्ट्र सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री छगन भुजबल, राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, सांसदों तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी भाग लिया।