हिमाचल प्रदेश।

हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध अटल टनल के बाहर शनिवार रात करीब 9 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से टनल से बाहर निकल रही एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बैरिकेड्स को तोड़ते हुए नीचे निर्माणाधीन ढांचे के पिलर से जा टकराई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिलर से बाहर निकले लोहे के नुकीले सरिये स्कॉर्पियो को चीरते हुए वाहन के अंदर तक घुस गए। हादसे में वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

इस भीषण दुर्घटना में राजस्थान निवासी एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उत्तर प्रदेश के रहने वाले उसके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन की अत्यधिक तेज रफ्तार माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

VANI NEWS Appeal:

पहाड़ी क्षेत्रों में वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें। तेज रफ्तार कुछ पल का रोमांच दे सकती है, लेकिन एक छोटी-सी लापरवाही जीवनभर का दर्द बन सकती है।