बंगापानी। युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से सीमांत डेवलपमेंट सोसाइटी की ओर से एक महत्वपूर्ण कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। बैठक में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
कॉन्फ्रेंस में सोसाइटी के अध्यक्ष प्रकाश गोस्वामी ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए खेल सबसे बेहतर माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि “खेल को हां, नशे को ना” के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाने की जरूरत है। युवाओं को खेल मैदान से जोड़कर नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखा जा सकता है।
बैठक में क्षेत्र के युवाओं के लिए शीघ्र फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजित करने को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा की गई। आयोजन के माध्यम से युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ ही स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और टीम भावना को बढ़ावा देने पर विचार किया गया।
इस दौरान सीमांत डेवलपमेंट सोसाइटी के उपाध्यक्ष उमेश धामी, सचिव बहादुर कोरंगा, एडवोकेट भरत गोस्वामी, दीपक महर, मनोज महर और पुष्कर महर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
सोसाइटी पदाधिकारियों ने कहा कि मैदान में युवाओं का दम दिखेगा और नशे को हराया जाएगा। खेलों से जुड़कर युवा न केवल अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं, बल्कि समाज को भी नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। VANI NEWS


