पिथौरागढ़। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे. एस. चुफाल के निर्देशन में स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, झूलाघाट में 19 से 21 जुलाई तक आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का मंगलवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। शिविर के अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों ने पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श, जांच एवं उपचार का लाभ उठाया।
शिविर में सामान्य ओपीडी के साथ-साथ आयुष्मान भारत योजना, एबीएचए आईडी, एनसीडी स्क्रीनिंग, टीबी उन्मूलन कार्यक्रम, टीकाकरण, आयुष चिकित्सा एवं अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के तहत भी सेवाएं प्रदान की गईं।
अंतिम दिन आयोजित ओपीडी में कुल 425 मरीजों का परीक्षण एवं उपचार किया गया, जिनमें 196 पुरुष और 229 महिलाएं शामिल रहीं। विशेषज्ञ सेवाओं के तहत फिजिशियन विभाग में 64, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में 67, आयुष ओपीडी में 26, काउंसलिंग में 104, नेत्र रोग विभाग में 32, बाल रोग विभाग में 10, दंत चिकित्सा विभाग में 25, ईएनटी विभाग में 16 तथा सर्जरी विभाग में 12 मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराया गया।
शिविर के दौरान 86 लोगों की एनसीडी स्क्रीनिंग की गई, जिसमें तीन संभावित उच्च रक्तचाप और दो संभावित मधुमेह रोगियों की पहचान हुई। वहीं 46 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई तथा दो निक्षय मित्र लाभार्थियों को कार्यक्रम से जोड़ा गया।
इसके अलावा 32 रक्त जांच, 40 एक्स-रे और 9 ईसीजी किए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 17 एबीएचए आईडी तथा 12 आयुष्मान भारत कार्ड भी बनाए। गर्भवती महिलाओं और बच्चों का टीकाकरण, एसटीआई/आरटीआई परामर्श सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं भी शिविर में उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के सफल संचालन में विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल स्टाफ, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की टीम तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, बड़ालू के चिकित्सा अधीक्षक ने जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और क्षेत्र की जनता का सहयोग मिलने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
रिपोर्ट: हेम पंत | झूलाघाट, पिथौरागढ़


