डीडीहाट। डीडीहाट नगर कल्याण समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को क्षेत्र के लंबे समय से लंबित मालिकाना हक के मुद्दे को लेकर क्षेत्रीय विधायक बिशन सिंह चुफाल को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को समस्या की गंभीरता से अवगत कराते हुए इस दिशा में शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद विधायक बिशन सिंह चुफाल ने समिति को आश्वस्त किया कि वह नगर कल्याण समिति के शिष्टमंडल के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और इस महत्वपूर्ण विषय को गंभीरता से उनके समक्ष रखेंगे। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित इस समस्या के स्थायी एवं न्यायसंगत समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
नगर कल्याण समिति ने ज्ञापन कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी डीडीहाटवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समिति ने कहा कि मालिकाना हक जैसे जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों पर क्षेत्रवासियों की एकजुटता ही सबसे बड़ी ताकत है।
समिति ने नागरिकों से अपील की कि भविष्य में मालिकाना हक अथवा अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करें। समिति का कहना है कि जनता के तन, मन और धन से मिले सहयोग तथा सामूहिक प्रयासों से ही वर्षों पुरानी इस समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा। Report :Harshit Mehara : Didihat


