डीडीहाट। विकासखंड डीडीहाट परिसर में मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों एवं उनके आश्रितों के लिए स्वास्थ्य जांच एवं किट वितरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 362 श्रमिकों एवं लाभार्थियों की स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि कुल 1025 कल्याणकारी किटों का वितरण किया गया।
वितरित किटों में 317 मुख्यमंत्री पोषण किट, 391 मुख्यमंत्री शिक्षा सामग्री किट और 317 मुख्यमंत्री स्वच्छता (हाइजीन) किट शामिल रहीं। शिविर के माध्यम से बड़ी संख्या में श्रमिकों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य जांच के साथ सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिला।
हालांकि, शिविर में करीब 250 श्रमिकों के श्रमिक कार्ड का नवीनीकरण पूर्ण नहीं होने के कारण उन्हें बिना किट प्राप्त किए ही वापस लौटना पड़ा। इससे श्रमिक कार्ड के समय पर नवीनीकरण की आवश्यकता एक बार फिर सामने आई है, ताकि पात्र श्रमिक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न हों।
शिविर 23 सितंबर 2026 को भी जारी रहेगा। पात्र श्रमिकों से विकासखंड डीडीहाट पहुंचकर स्वास्थ्य जांच एवं उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की गई है। साथ ही ग्रामीण श्रमिकों से अपने श्रमिक कार्ड का समय पर नवीनीकरण कराने तथा ग्राम पंचायतों से पात्र श्रमिकों के कार्ड सामूहिक रूप से नवीनीकृत कराने की पहल करने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम में विधायक बिशन सिंह चुफाल, जिला पंचायत सदस्य कमला चुफाल, जिला श्रम अधिकारी प्रदीप बिष्ट एवं कैप्टन मोहित बिष्ट सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
शिविर की खास बात यह रही कि जहां 362 श्रमिकों को स्वास्थ्य जांच और 1025 किटों के माध्यम से लाभ मिला, वहीं कार्ड नवीनीकरण लंबित होने के कारण करीब 250 श्रमिकों को लाभ से वंचित होकर लौटना पड़ा। _ हर्षित मेहरा डिडीहाट


