थल, पिथौरागढ़। पीएम श्री हरिदत्त पंत इंटर कॉलेज थल में उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री एवं महान स्वतंत्रता सेनानी पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित गोविंद बल्लभ पंत के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य आशुतोष मिश्र ने छात्र-छात्राओं को पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका तथा राष्ट्र निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से पंत के आदर्शों और देशहित में किए गए कार्यों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य मिश्र ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को हिमालय प्रतिज्ञा की शपथ दिलाई। सभी ने हिमालय की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और उसके प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ राष्ट्रीय हित में निरंतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

जयंती समारोह में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक डीके भट्ट, भरत कालाकोटी, गौरव पंत, जीवन लाल, पंकज रावत, अनीता जोशी, कुंवर सिंह, सीमा देवी, चंद्रमोहन सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

रिपोर्ट: अनिल कार्की, थल