थल, पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ पुलिस की जनसुनवाई एवं जनसंवाद की पहल के तहत पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ श्री अक्षय प्रहलाद कोंडे की अध्यक्षता में थाना थल में थाना दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान एसपी ने स्थानीय जनता, व्यापार मंडल, टैक्सी यूनियन एवं अन्य संभ्रांत नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।
पुलिस अधीक्षक ने लोगों की ओर से रखी गई समस्याओं के समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय को प्राथमिकता दी जा रही है।
थाना दिवस के दौरान एसपी ने थाना थल का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। उन्होंने थाना परिसर, अभिलेखों और पुलिस व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस कर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जन शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने तथा आमजन के साथ बेहतर व्यवहार और समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में थानाध्यक्ष थल श्री गणेश दत्त भट्ट सहित थाना थल के पुलिस कर्मी, व्यापार मंडल, टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे । _ कपिल भट्ट


