थल (पिथौरागढ़)। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के लिए चिंता का कारण बनती जा रही है। पांखू सेरा ग्राम पंचायत के दंतोला तोक में बीती रात हुई तेज बारिश के चलते शिव राम के मकान के नीचे की पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भूस्खलन की चपेट में आ गया, जिससे उनके मकान पर खतरा मंडराने लगा है।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय शिव राम और उनका परिवार घर के भीतर गहरी नींद में सो रहा था। सुबह जब परिवार के सदस्य बाहर निकले तो मकान के नीचे की पहाड़ी धंस चुकी थी। यह देखकर पूरे परिवार में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण भू-कटाव तेजी से बढ़ रहा है। यदि वर्षा का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो भूस्खलन ऊपर की ओर बढ़ते हुए सीधे मकान तक पहुंच सकता है, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
ग्राम प्रधान मुकेश कार्की ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल सर्किल राजस्व उपनिरीक्षक को दे दी गई है, ताकि मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और समय रहते उचित राहत एवं बचाव के उपाय करने की मांग की है।
फिलहाल शिव राम का परिवार भय और असमंजस की स्थिति में है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द सर्वे कर जोखिम का आकलन करने तथा जरूरत पड़ने पर परिवार को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही है।
REPORT : ANIL KARKI :THAL


