पिथौरागढ़। जनपद पिथौरागढ़ पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को 52 अवैध मॉडिफाइड (रेट्रो) साइलेंसरों को बुलडोजर से नष्ट कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य तेज धमाकेदार आवाज़ निकालने वाले वाहनों पर प्रभावी अंकुश लगाना और आमजन को अनावश्यक शोर से राहत दिलाना है।
पुलिस के अनुसार, पिछले दिनों विशेष अभियान चलाकर ऐसे वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई थी, जिनमें नियमों के विपरीत मॉडिफाइड साइलेंसर लगाए गए थे। अभियान के दौरान जब्त किए गए कुल 52 साइलेंसरों को शुक्रवार को बुलडोजर से नष्ट कर दिया गया।
पुलिस का कहना है कि तेज आवाज़ वाले मॉडिफाइड साइलेंसर न केवल ध्वनि प्रदूषण फैलाते हैं, बल्कि आम नागरिकों की शांति भंग करने के साथ-साथ यातायात नियमों का भी उल्लंघन करते हैं। ऐसे वाहनों के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है।
जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन करने और कानून की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार के अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग न करें।
पुलिस ने कहा कि सड़क पर सुरक्षित और शांत वातावरण बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी, जबकि कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


