पिथौरागढ़। जनपद पिथौरागढ़ में वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना एवं मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम के प्रभावी संचालन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार, पारदर्शी चयन प्रक्रिया तथा समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने बताया कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत इस वर्ष 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के 300 खिलाड़ियों (150 बालक एवं 150 बालिकाएं) का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को प्रतिमाह 1,500 रुपये की खेल छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022-23 से संचालित इस योजना के अंतर्गत अब तक 1,198 खिलाड़ियों को लाभ मिल चुका है।
वहीं मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के 200 खिलाड़ियों (100 बालक एवं 100 बालिकाएं) का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को प्रतिमाह 2,000 रुपये छात्रवृत्ति के साथ खेल उपकरणों के लिए प्रतिवर्ष 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वर्ष 2023-24 से संचालित इस योजना से अब तक 579 खिलाड़ी लाभान्वित हो चुके हैं।
बैठक में चयन ट्रायल की तिथियां भी निर्धारित की गईं। उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत विद्यालय स्तर पर 14-15 जुलाई, न्याय पंचायत स्तर पर 20-21 जुलाई, नगर पालिका, नगर निगम एवं विकासखंड स्तर पर 23 से 25 जुलाई तथा जिला स्तर पर 27 से 29 जुलाई तक चयन ट्रायल आयोजित होंगे। जबकि मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम के ट्रायल 3 अगस्त 2026 से नगर पालिका, नगर निगम एवं विकासखंड स्तर पर शुरू किए जाएंगे।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध हो। जिला स्तर पर होने वाले प्रत्येक चयन ट्रायल की वीडियोग्राफी कराई जाएगी तथा किसी भी आपत्ति के निस्तारण के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने चयन समितियों के सभी सदस्यों को परिचय पत्र जारी करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में सभी पात्र खिलाड़ियों से khelouk.in पोर्टल पर समय रहते ऑनलाइन पंजीकरण कराने की अपील की गई। इसके लिए क्यूआर कोड युक्त फ्लेक्सी जिलाधिकारी कार्यालय, मुख्य शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों, तहसीलों, विकासखंड कार्यालयों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगाए जाएंगे। साथ ही दैनिक समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, डीआईपीआर ऐप और सोशल मीडिया के माध्यम से योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए।
उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत खिलाड़ियों का चयन निर्धारित पी-सेट (P-SET) शारीरिक दक्षता परीक्षण के आधार पर किया जाएगा, जबकि मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, जूडो, कराटे, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, टेबल टेनिस और कबड्डी सहित 12 खेलों में चयन ट्रायल आयोजित होंगे।
जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि प्रतिभागियों को आधार कार्ड, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र तथा बैंक पासबुक की स्वप्रमाणित प्रति प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। खिलाड़ियों की आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी।


