पिथौरागढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चल रहे संकल्प सेवा अभियान के तहत गुरुवार को पिथौरागढ़ के रामलीला मैदान में ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। शाम होते ही रामलीला मैदान हजारों दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर दीप जलाए।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं पिथौरागढ़ की प्रभारी मंत्री रेखा आर्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दिया’ केवल दीप जलाने तक सीमित कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में लोगों की भागीदारी और विश्वास को दर्शाता है।
मंत्री ने कहा कि संकल्प सेवा अभियान के तहत एक माह तक अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं से जोड़ना तथा उनका लाभ लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने आमजन से इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक भागीदारी करने की अपील की।
रेखा आर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों तक सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देवभूमि के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखने के लिए सरकार आवश्यक कदम उठाएगी।
घरों में भी जलाए गए दीप रामलीला मैदान के अलावा जिले की सभी तहसीलों, विकासखंडों और विभिन्न सरकारी संस्थानों में भी ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने अपने घरों में भी दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान लोगों ने प्रधानमंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। दीपों से सजे रामलीला मैदान में लोगों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी का रूप दिया।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि संकल्प सेवा अभियान के तहत जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रयास रहेगा कि सरकारी सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक उनके नजदीक पहुंचकर दिया जाए।
कार्यक्रम में मेयर कल्पना देवलाल, दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक संगठनों के सदस्य और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
रिपोर्ट: कपिल भट्ट | VANI NEWS


