पिथौरागढ़। बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश–उत्तराखंड मेडिकल एवं सेल्स रिप्रेजेंटेटिव्स एसोसिएशन, पिथौरागढ़ इकाई ने रविवार को गांधी चौक में प्रदर्शन किया। संगठन के सदस्यों ने सरकार से जिला अस्पताल एवं बेस अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करने तथा आम मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान संगठन ने कहा कि जनपद के अस्पतालों में लंबे समय से चिकित्सकों के कई पद रिक्त पड़े हैं, जिससे मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है। संगठन ने सभी रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्तियां किए जाने की मांग उठाई।

संगठन ने आपातकालीन सेवाओं में मरीजों को आवश्यक एवं जीवन रक्षक दवाएं निःशुल्क और समय पर उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि कई बार मरीजों को अस्पताल के बाहर से महंगी दवाएं खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ता है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है। उन्होंने गैर-जरूरी रूप से मरीजों को बाहर से दवाएं मंगाने की व्यवस्था समाप्त करने की भी मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने बेस अस्पताल में बंद पड़ी डायलिसिस सेवा को शीघ्र पुनः शुरू करने की मांग की। उनका कहना था कि डायलिसिस सुविधा बंद होने से किडनी रोगियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें उपचार के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ रहा है।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि उनका संगठन केवल मांगों तक सीमित नहीं है, बल्कि समय-समय पर रक्तदान शिविर, निःशुल्क दवा वितरण, आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों की सहायता तथा जरूरतमंदों को संसाधन उपलब्ध कराने जैसे जनहित के कार्य भी करता रहा है। भविष्य में भी संगठन समाजहित और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में संगठन की ओर से प्रदर्शन को सफल बनाने वाले सभी सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया और जनहित के मुद्दों पर आगे भी संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया। @Vaninews