मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के उद्देश्य से पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी क्षेत्र स्थित मरतोली बाड़ा, तल्ला खोली एवं तल्ला घोरपट्टा के महिला मंगल दलों द्वारा संयुक्त रूप से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान देवदार और सुरई के पौधे रोपे गए तथा उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष मनोहर सिंह टोलिया, सरपंच सुंदर जौहरी, सरपंच खुशाल हरकोटिया, अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के ब्लॉक अध्यक्ष शंकर दा, महिला अध्यक्ष सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने सक्रिय सहभागिता की।
वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण देने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें संरक्षित रखने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लेते हुए भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता और वृक्षारोपण अभियानों को निरंतर जारी रखने का निर्णय लिया। vaninews


