पिथौरागढ़। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मानसून काल के दौरान जिले में चल रहे राहत, बचाव और आपदा प्रबंधन कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, सड़क मार्गों को सुचारू रखने और आमजन को आवश्यक सेवाएं निर्बाध उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
298 संवेदनशील सड़क स्थलों पर 145 मशीनें तैनात बैठक में बताया गया कि जिले में 298 संवेदनशील सड़क स्थलों को चिन्हित किया गया है। मानसून के दौरान सड़कें सुचारू रखने के लिए 145 जेसीबी और पोकलैंड मशीनें तैनात की गई हैं। आपात स्थिति के लिए चार बैली ब्रिज भी उपलब्ध रखे गए हैं। टम्टा ने संवेदनशील मार्गों पर लगातार निगरानी रखने और सड़क बंद होने पर तत्काल मशीनरी व कार्मिक मौके पर भेजने के निर्देश दिए।
जिले की सभी तहसीलों में 24 घंटे आपदा नियंत्रण कक्ष संचालित किए जा रहे हैं। संचार व्यवस्था मजबूत रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर सैटेलाइट फोन और वायरलेस सेट भी उपलब्ध कराए गए हैं।
खाद्यान्न, ईंधन और स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा दूरस्थ क्षेत्रों में तीन माह की अग्रिम खाद्यान्न आपूर्ति की जा चुकी है। पेट्रोल पंपों पर मानसून के लिए 4,000 लीटर डीजल और 3,000 लीटर पेट्रोल रिजर्व रखा गया है। रसोई गैस भंडारों में 250-250 सिलेंडर तथा प्रत्येक तहसील में 50-50 खाद्यान्न राहत किट तैयार रखी गई हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि जिले में विभागीय और 108 सेवा सहित कुल 41 एंबुलेंस उपलब्ध हैं। विभिन्न विकासखंडों में चिकित्सा टीमों की तैनाती के साथ आवश्यक दवाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है।
कुलागाड़ बैली ब्रिज क्षतिग्रस्त होने की जानकारी बैठक में 19 अगस्त को पहाड़ी से आए बोल्डर के कारण धारचूला-गुंजी मोटर मार्ग पर कुलागाड़ में करीब 180 फीट लंबा बैली ब्रिज क्षतिग्रस्त होने की जानकारी दी गई। मंत्री ने मानसून की शेष अवधि में सभी विभागों को पूरी सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।
इसी सत्र से मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई शुरू कराने का प्रयास अजय टम्टा ने कहा कि पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में इसी सत्र से पहला शैक्षणिक सत्र शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है। कॉलेज की प्रयोगशाला, प्रशासनिक भवन, छात्रावास, फैकल्टी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई है। NMC के मानकों के अनुरूप आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने पर भी काम चल रहा है।
अगले माह पासपोर्ट कार्यालय शुरू करने की तैयारी मंत्री ने बताया कि पिथौरागढ़ में अगले माह तक पासपोर्ट कार्यालय शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा ऑटोमेटिक ड्राइविंग टेस्टिंग स्टेशन (ATMS) को भी जल्द संचालित करने की तैयारी है। आवश्यक ऑटोमेटिक मशीन को वाहन पोर्टल से जोड़ने के बाद स्टेशन के संचालन का रास्ता साफ होगा, जिससे ड्राइविंग टेस्ट और लाइसेंस से जुड़ी परेशानियां कम होंगी।
सीमा व्यापार से जुड़े व्यापारियों को समाधान का भरोसा भारत-चीन सीमा व्यापार को लेकर टम्टा ने कहा कि कोविड महामारी के कारण लंबे समय से बंद व्यापार को फिर शुरू कराने के प्रयास किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस बार व्यापारियों को चीन जाने की अनुमति मिली है। व्यापारियों के सामने आ रही समस्याओं का संज्ञान लिया गया है और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
कैलाश मानसरोवर यात्रा की वापसी को लेकर भी प्रशासन की निगरानी जारी है। मंत्री ने कहा कि आपदा के दौरान बीआरओ, पीएमजीएसवाई, लोक निर्माण विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
बैठक में दर्जा राज्यमंत्री गणेश भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, मेयर कल्पना देवलाल, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जेएस चुफाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


