पिथौरागढ़ । सिरतोला I स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सीमांत डेवलपमेंट सोसाइटी सिरतोला की ओर से राजकीय प्राथमिक विद्यालय सेरा के उन विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना में प्रतिभाग कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया।
सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में कृतिका कक्षा 4, प्रियांसी कक्षा 4, तनिष्क कक्षा 3, हर्षिता कक्षा 7, दिनेश कक्षा 4 तथा संजू कक्षा 11 शामिल रहे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनके प्रयासों और खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर सीमांत डेवलपमेंट सोसाइटी के सदस्य देवेंद्र महर, एडवोकेट भरत गोस्वामी, दीपक महर और मनोज महर सहित विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है तो उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की।
सोसाइटी ने कहा कि भविष्य में भी खेल और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को इसी प्रकार सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि उनमें आगे बढ़ने का उत्साह पैदा हो और अन्य विद्यार्थी भी उनसे प्रेरणा ले सकें।
सीमांत डेवलपमेंट सोसाइटी के अध्यक्ष प्रकाश गोस्वामी ने कहा कि सोसाइटी सीमांत क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य करेगी। उन्होंने बताया कि संस्था की प्राथमिकताओं में खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं। सोसाइटी का प्रयास रहेगा कि सीमांत क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलें और क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव की दिशा में लगातार काम किया जाए।


