मुवानी। रामगंगा घाटी की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं और क्षेत्र के विकास से जुड़ी 15 सूत्रीय मांगों को लेकर मुवानी में ग्रामीणों ने आंदोलन का ऐलान किया है। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य कमल दीप सिंह बिष्ट के नेतृत्व में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने मांगों को लेकर एकजुट होकर संघर्ष करने का निर्णय लिया।
बैठक में तय किया गया कि मांगों को लेकर 14 सितंबर से क्रमिक अनशन शुरू किया जाएगा। यदि इसके बावजूद मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती है तो 17 सितंबर से आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी गई। आंदोलन शुरू करने से पहले ग्रामीणों की ओर से उपजिलाधिकारी के माध्यम से प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।
ग्रामीणों ने कहा कि रामगंगा घाटी लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं और विकास योजनाओं की कमी से जूझ रही है। बैठक में आंदोलन को अनुशासित और व्यापक बनाने के लिए प्रचार-प्रसार करने तथा क्रमिक अनशन के पहले दिन जुलूस निकालने का निर्णय लिया गया। मांगें पूरी नहीं होने पर आगे उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी गई।
ये हैं ग्रामीणों की 15 प्रमुख मांगें मुवानी को नगर पंचायत का दर्जा दिया जाए।
मुवानी को तहसील का दर्जा दिया जाए।
मुवानी को विकासखंड बनाने के लिए राज्य सरकार परीक्षण कर केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजे।
राजकीय महाविद्यालय मुवानी में बीएससी, बीकॉम और एमए की कक्षाएं शुरू की जाएं तथा भूगोल, इतिहास, गृह विज्ञान और सैन्यशास्त्र विषयों को मंजूरी दी जाए।
अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुवानी को प्राथमिक/सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा दिया जाए।
मुवानी में उपकोषागार की स्थापना की जाए।
बाराबीसी और रामगंगा घाटी के शवदाह स्थल कमतोली-केदारेश्वर तक सीसी मार्ग बनाया जाए।
सूनी-बोकटा सड़क का डामरीकरण किया जाए।
केदारेश्वर-कमतोली, रैतोली-मायल-मुवानी और पीपलतड़-मुवानी में मोटर पुलों का निर्माण किया जाए।
ताड़केश्वर गधेरे में छोटा डेम बनाकर लघु जलविद्युत परियोजना, ताड़केश्वर घाटी के गांवों के लिए सोलर पंपिंग योजना तथा मुवानी की कृषि भूमि की सिंचाई के लिए बारोमास पानी योजना स्वीकृत की जाए।
मुवानी बाजार में भारी वाहनों की आवाजाही समाप्त करने के लिए बायपास बनाया जाए।
गंगोरा-डिगौटी तथा एकलवागड़ा-इडकानी (सुरौली) में झूलापुलों का निर्माण किया जाए।
पुराना बाजार मुवानी से डिग्री कॉलेज तक सड़क बनाई जाए।
मुवानी में खेल मैदान का निर्माण किया जाए।
मुवानी में सरकारी अतिथि गृह का निर्माण किया जाए।
बैठक में ग्राम प्रधान मुवानी जगत सिंह मेहता, क्षेत्र पंचायत सदस्य राहुल सोनार, पूर्व प्रधान डम्बर बहादुर पाल, रमेश बम, समाजसेवी राम सिंह राठौर, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य शोभन कार्की सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। बैठक का संचालन हंस कुमार पाल ने किया।
_ kapil bhatt vaninews


