मुनस्यारी/पिथौरागढ़। सीमांत डेवलपमेंट सोसाइटी, सिरतोला द्वारा आयोजित सीमांत यूथ फुटबॉल चैंपियनशिप ट्रॉफी 2026 का भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में क्षेत्रीय विधायक हरीश धामी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान विधायक ने आयोजन में सहभागी सीमांत डेवलपमेंट सोसाइटी, विभिन्न महिला मंगल दलों, देव बाजा लेकर पहुंचे दलों तथा विद्यालयी बच्चों को सहयोग राशि प्रदान की।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने मैदान पर खेल प्रतिभा और जोश का प्रदर्शन किया, वहीं दर्शकों एवं क्षेत्रवासियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया। आयोजन समिति के अनुसार, चैंपियनशिप का उद्देश्य सीमांत क्षेत्र के युवाओं को खेलों से जोड़ना, उन्हें सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना तथा स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए मंच प्रदान करना है।
समापन अवसर पर आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले खिलाड़ियों, टीम प्रबंधकों, निर्णायकों, मातृशक्ति, युवाओं, दर्शकों, सहयोगदाताओं, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया गया।
सीमांत डेवलपमेंट सोसाइटी के अध्यक्ष प्रकाश गोस्वामी ने कहा कि सीमांत क्षेत्र में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी युवाओं को खेलों से जोड़ने और ऐसे आयोजनों को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास करती रहेगी।
आयोजन के दौरान “खेल को हाँ, नशे को ना” का संदेश भी दिया गया। आयोजकों ने युवा शक्ति को क्षेत्र की पहचान बताते हुए खेलों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का संकल्प दोहराया।
— कपिल भट्ट, VANI NEWS


