पिथौरागढ़। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में स्थानांतरण के तहत श्री सुंदर कुमार गौतम ने शनिवार को पिथौरागढ़ के अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी (एडीआईओ) के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। इससे पूर्व वह जनपद अल्मोड़ा में इसी पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।

अल्मोड़ा में अपने कार्यकाल के दौरान श्री गौतम ने विभागीय योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार, जनसंपर्क गतिविधियों के सफल संचालन तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाई। उनके कार्यों को विभागीय स्तर पर सराहा गया।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद श्री गौतम ने कहा कि शासन की नीतियों, विकास कार्यों और जनहित से जुड़ी योजनाओं की जानकारी समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, मीडिया प्रतिनिधियों तथा संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सूचना विभाग की जिम्मेदारियों का पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला सूचना कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री गौतम का स्वागत किया तथा उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। सभी ने आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में सूचना विभाग की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी तथा जनोन्मुखी बनेगी।