डीडीहाट। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर डीडीहाट के युवाओं को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता को मंच पर प्रस्तुत करने का शानदार अवसर मिलने जा रहा है। आगाज यूथ क्लब, डीडीहाट की ओर से आगामी 15 अगस्त को विशेष ओपन माइक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं को अपनी कला और हुनर प्रस्तुत करने के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। ओपन माइक में युवा कविता, शायरी, कहानी, स्टैंड-अप कॉमेडी, गायन, संगीत, अभिनय सहित विभिन्न रचनात्मक विधाओं में अपनी प्रस्तुति दे सकेंगे।
आयोजकों का कहना है कि डीडीहाट और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में ऐसे युवा हैं, जिनमें प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता मौजूद है, लेकिन उन्हें अपनी प्रतिभा लोगों के सामने प्रस्तुत करने के लिए उचित मंच नहीं मिल पाता। इसी कमी को दूर करने के उद्देश्य से आगाज यूथ क्लब ने यह पहल शुरू की है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति की क्षमता को बढ़ावा देने के साथ ही क्षेत्र में सकारात्मक और रचनात्मक वातावरण तैयार करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
आगाज यूथ क्लब के सदस्य सूरज ने क्षेत्र के सभी प्रतिभाशाली युवाओं से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को डीडीहाट में देशभक्ति के जज्बे के साथ युवाओं के हुनर और रचनात्मकता का भी शानदार संगम देखने को मिलेगा।
रिपोर्ट: हर्षित मेहरा, डीडीहाट


